जालोर-लेटा मार्ग रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज के लिए 92.40 करोड़ स्वीकृति

- आगामी दो वर्ष में पूरा करना है काम, केंद्र सरकार की ओर से जारी की गई स्वीकृति
जालोर. जालोर-लेटा मार्ग रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज के लिए स्वीकृति जारी हो चुकी है। यहां 92.40 करोड़ की लागत से ब्रिज का निर्माण होगा। जालोर का यह सबसे बड़ा मुद्दा था, जो करीब एक दशक से अटका पड़ा था। अब इस प्रोजेक्ट पर केंद्र सरकार की ओर से वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी गई है जो आशा है कि आगामी दो वर्षों में काम पूरा होने के साथ साथ यहां टे्रफिक रिलिफ भी मिल सकेगा।
जानकारी के अनुसार स्वीकृति के साथ अब निविदा प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। उसके बाद यह कार्य अगले दो साल में एजेंसी को पूरा करना होगा। यह फोर लेन आरओबी होगा और इसमें अंडर ब्रिज भी बनेगा। साथ ही सर्विस रोड का निर्माण किया जाएगा। दोनोंं ओर 5.5 मीटर चौड़ी सर्विस रोड होंगी और यह ब्रिज कुल 1.06 किमी लंबा होगा।
नहीं करना होगा इंतजार
समदड़ी-भीलड़ी रेल खंड में 24 घंटे में औसतन 45 से 50 गुड्स टे्रन गुजरती है। लगभग प्रति 20 से 25 मिनट में एक बार क्रॉसिंग बंद हो जाती है। जिसका खामियाजा यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को भुगतना पड़ता है। अक्सर इन हालातों में क्रॉसिंग पर वाहनेां की लंबी कतार लग जाती है और कई मौकों पर तो आपात हालात भी पैदा होते हैं। इस रेलवे ओवरब्रिज के लिए काफी लंबे समय से मांग उठ रही थी। जिस पर अब स्वीकृति जारी हुई है। जिससे वाहन चालकों को राहत मिलेगी।