सजे धजे रथ पर निकले आनंद भैरु, बारात पहुंचने से पहले ही होलिका विदा

- – जिला मुख्यालय पर विशेष महत्व रखने वाली आनंद भैरु की बारात में शरीक हुए शहरवासी
जालोर. शहर समेत जिलेभर में रविवार को होलिका का दहन किया गया। इस बार विभिन्न कयासों के बीच आखिरकार रविवार शाम को आनंद भैरु की बारात निकली। वीरमदेव चौक से सजे धजे परिधानों में आनंद भैरु अपने विशेष रथ पर बारातियों संग रवाना हुए। बैंड बाजों की धुन पर लोग नाचते गाते हुए चल रहे थे।

बारात यहां से गांधी चौक, सूरजपोल, अस्पताल चौराहे होते हुए हरिदेव जोशी सर्किल और उसके बाद पंचायत समिति होते हुए भक्त प्रहलाद चौक पहुंची, लेकिन परंपरा के अनुसार आनंद भैरु की बारात पहुंचने से पहले ही होलिका का दहन हो चुका था।
होलिका दहन के साथ ही महिलाओं ने लूर नृत्य किया और फाग गीतों की बहार सी आ गई। कोरोना संकट को भूल कर लोग उत्साह और उमंग से झूल उठे। तय मुहूर्त में इस बार लोगों की अपार भीड़ के बीच होलिका दहन किया गया। भक्त प्रहलाद चौक में मेले सा माहौल रहा। इस दौरान नवजातों को भी होलिका दहन के दर्शन करवाने के साथ होलिका के फेरे लिए गए।
जिलेभर में भी होलिका दहन
जिला मुख्यालय पर ही नहीं जिलेभर में रविवार को होलिका दहन किया गया। इस दौरान चंग की थाप पर गेर नृत्य का आयोजन भी किया गया।

दुकानों पर भी दिखी रंगत
महोत्सव के तहत रंग, गुलाल और पिचकारी की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ जुटी। वहीं सोमवार को लोग उत्साह से होली खेलने के लिए निकले। युवाओं की टोलियां समूह में गीत गाते हुए अपने साथियों के साथ दिखाई दिए। इधर, कई स्थान पर नवजातों के जन्म पर ढूंढोत्सव का आयोजन भी किया गया।