भीनमाल : रंजिश के कारण मौका देखकर दुकान में लगाई थी आग, दो आरोपी गिरफ्तार

-
18 अक्टूबर का है मामला
-
एक आरोपी अभी भी फरार
भीनमाल
भीनमाल शहर के नेहरू मार्केट में कपड़ा सिलाई की दुकान में आग लगाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फिलहाल फरार है। गिरफ्तार आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना कबूला है।
यह था मामला
भीनमाल के नेहरू मार्केट में 18 अक्टूबर की रात जुंजाणी निवासी अशोक कुमार दर्जी पुत्र आदूराम दर्जी की दुकान में अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। आग लगने से दुकान में करीब 4 लाख का सामान व जरुरी कागजात जलकर राख हो गए। पुलिस ने 20 अक्टूबर को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इस दरम्यान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जुंजाणी निवासी उत्तम कुमार पुत्र वजाराम दर्जी व मालनियों का चौहटा निवासी जीतू उर्फ जितेन्द्र कुमार पुत्र कपुराराम जीनगर को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना कबूला। साथ ही बताया कि पेट्रोल बाइक से निकालकर आग लगाई थी।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी उत्तम कुमार व अशोक कुमार दोनों की कपड़ा सिलाई की दुकान नेहरू मार्केट में हैं। ऐसे में आरोपी उत्तम कुमार पीडि़त अशोक से रंजिश रखता था। कई बार दोनों की आपस में कहासुनी भी हो चुकी है। ऐसे में उत्तम ने जीतू उर्फ जितेन्द्र व सतीश के साथ मिलकर 18 अक्टूबर की रात को मौका देखकर अशोक की दुकान में आग लगा दी।