जालोर रोटरी क्लब ने कोरोना से बचाव को 2500 मास्क बांटे

– विभिन्न कार्यालयों में यह अनूठी पहल
जालोर. रोटरी क्लब जालोर के सौजन्य से कोरोना से बचाव एवं जागरुकता अभियान के अंतर्गत 2500 मास्क का वितरण किया गया। क्लब सचिव तरुण सिद्धावत ने बताया कि मास्क वितरण का शुभारंभ कलक्टर हिमांशु गुप्ता की मौजूदगी में किया गया। इसके बाद एडीएम, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, उपखंड अधिकारी को भी मास्क वितरण किया गया।
साथ ही कलक्ट्रेट परिसर के समस्त कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तथा उपभोक्ता मंच के अध्यक्ष, कर्मचारियों को मास्क वितरित किए गए। इसी कड़ी में बार एसोसिएशन जालोर के समस्त अधिवक्ता, न्यायालय के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा पुलिस विभाग में कार्यरत स्टाफ को मास्क वितरित किए गए।
मास्क वितरण के प्रोजेक्ट संयोजक महेंद्र मुणोत ने बताया कि क्लब द्वारा सप्ताह भर तक मास्क वितरण कर जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर क्लब अध्यक्ष डूंगरसिंह मंडलावत, वरिष्ठ रोटेरियन मोहन पराशर, सहसंयोजक संजय सुंदेशा, राजेन्द्र जैन, मंछीलाल प्रजापत, अधिवक्ता उत्तम गहलोत व पवन ओझा उपस्थित थे।
समाज विकास में सकारात्मक पहल
रोटरी क्लब समाज विकास और जरुरतों को देखते हुए हमेशा ही सकारात्मक कार्य करता है। इसी कड़ी में शुक्रवार को भी मास्क का वितरण किया। गौरतलब है दुर्ग पर बीजारोपण कार्यक्रम के दौरान क्लब की ओर से भी एक ड्रोन उड़ाकर बीजारोपण का कार्य किया था। वहीं वर्षों से यह संगठन सहयोग और सेवा की मंशा से कार्य करता रहा है।