नोसरा हत्या के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

- – न्यायालय की ओर से आरोपित को भेजा गया पुलिस रिमांड पर
जालोर. नोसरा थाना क्षेत्र के नोसरा में गत महीनों आम्बाराम चौधरी की हत्या के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार नोसरा में गत महीनों आम्बाराम चौधरी की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी नोसरा निवासी अशोकसिंह पुत्र देवीसिंह राजपुरोहित को दस्तयाब कर बाद पूछताछ गिरफ्तार किया गया। जिसे न्यायालय में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।
जहां से उसे पुलिस अभिरक्षा में भेजा गया। उन्होंने बताया कि नोसरा में खेत की माठ को लेकर हुए विवाद में आरोपित छोगसिंह, सूरजसिंह, मदनसिंह, अशोकसिंह तथा विधि से संघर्षरत किशोर द्वारा आम्बाराम चौधरी, सुरेशकुमार तथा पुरकीदेवी के साथ लाठियों व कुल्हाड़ी से मारपीट कर गंभीर चोटे पहुंचाई गई थी।
उपचार के दौरान आम्बाराम चौधरी की मृत्यु हो जाने पर आरोपित छोगसिंह, सूरजसिंह, मदनसिंह को गिरफ्तार कर जेसी करवाया गया तथा विधि से संघर्षरत किशोर को संरक्षण में लिया जाकर बाल सुधार गृह भिजवाया गया। आरोपित अशोकसिंह फरार था। जिसकी पुलिस टीम द्वारा तलाश कर उसे गिरफ्तार किया गया।