भाई ने बताया- 5 दिन से मारने की कोशिश कर रहे थे ससुराल वाले, इसलिए बहन ने खुद दे दी जान

झुंझुनू/सीकर
जिले में गुढागौड़ज़ी के भोड़की गांव की एक महिला ने छह दिन पहले घर पर खुद को आग लगाकर जलने का प्रयास किया। उसे गम्भीर हालत में जयपुर रैफर किया। जहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, महिला के पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष के खिलाफ झुंझुनू में दहेज के लिए प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला थाने में दर्ज कराया है।
पुलिस के मुताबिक, सीकर निवासी पवन ने रिपोर्ट दी की उसकी बहन मनीषा की शादी आठ साल पहले भोड़की निवासी अनिल के साथ हुई थी। शादी में हैसियत के अनुसार दहेज भी दिया। मगर ससुराल वाले उसे परेशान करते रहते थे। ससुराल वालों से तंग आकर उसकी बहन ने एक साल पहले सीकर के कोतवाली थाने में रिपोर्ट भी दी थी। मगर उस समय उन लोगों ने माफी मांग ली थी। उसके कुछ दिन बाद ही पति अनिल, ससुर रामचंद्र, सास बादामी, देवर अमित, विकास, काका ससुर गिरधारी उसे जान से मारने की धमकी देने लगे।
5 दिन से हो रही थी जान से मारने की कोशिश
भाई ने रिपोर्ट में बताया गया कि 15 तारीख से ससुराल के लोग बहन को मारने की कोशिश कर रहे थे। जिससे परेशान होकर 20 तारीख को उसकी बहन ने खुद को आग लगा ली। उस समय ये लोग विडियो बना रहे थे। बहन को गम्भीर हालत में जयपुर एसएमएस में भर्ती कराया। दो दिन बाद ही उसकी मौत हो गई। ससुराल वालों ने बहन को खुदकुशी करने के लिए मजबूर किया है।