जालोर आएंगे सेना के दो विंटेज युद्ध टैंक, विकसित होगा विजय स्मारक

जालोर (Jalore) शहर में जल्द ही विजय स्मारक के रूप में स्थान का चयन कर विकसित किया जाएगा। जिसकी शान भारतीय सेना (Indian Army) के विंटेज युद्ध टेंक बढाएंगे। यह युद्ध टेंक (vintage battle tanks) भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को भी प्रदर्शित करेंगे।
जालोर मे नव विकसित किये जाने वाले विजय स्मारक की शान बढाने के लिये बहुत जल्द भारतीय सेना के 2 विंटेज टेंक (vintage battle tanks) पहुंचने वाले है। विजय स्मारक पर स्थापित होने वाले ये विंटेज टेंक जालोर आने वाले देशी व विदेशी पर्यटकों को भी सेना के शौर्य और पराक्रम की झलक देंगे।
जिला कलेक्टर हिमांशु गुप्ता के प्रयासों के कारण यह संभव हुआ है। उन्होंने सेना के अधिकारियों को पत्र लिख कर जालोर के विजय स्मारक की शान बढाने के लिये वाॅर टाॅफी या युद्ध विजय चिन्ह के रूप में किसी युद्ध निशानी को भिजवाने का अनुरोध किया था साथ ही उन्होने सेना के अधिकारियों से इसके लिए दूरभाष पर भी सम्पर्क कर प्रयास किए थे।
जिला कलेक्टर गुप्ता के प्रयासों के फलस्वरूप सेना के अधिकारियों ने इसके लिए अपनी सहमति दे दी है। सेना के अधिकारी ने टेंक को प्राप्त करने के लिए जालोर से प्रतिनिधि दल को भेजने के लिये लिखा है।
सेना की सहमति प्राप्त होने के बाद जिला कलेक्टर गुप्ता ने प्रशंसा व्यक्त करते हुए बताया कि अब बहुत जल्द भारतीय सेना के अधिकारियों से इन विंटेज टेंक को प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर जालोर से प्रतिनिधि मंडल को भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि जालोर के नव विकसित किए जाने वाले विजय स्मारक में ये टैंक स्थापित होने के बाद ये विजय स्मारक की शान बढ़ाएंगे। साथ ही भारतीय सेना के पराक्रम और वीरता को भी प्रदर्शित करेंगे।
ये युद्ध टेंक भारतीय सेना की वीरता के सूचक के रूप में यहां स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही यहां पर सेना की वीरतापूर्ण कार्यवाही का चित्रण करते हुए चित्र और शौर्य गाथा को भी प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होने बताया कि भारतीय सेना के पराक्रम को प्रदर्शित करती ऐसी युद्ध निशानियां देश के विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन के लिए स्थापित की गई है।
जालोर के लिये यह गौरव की बात है कि भारतीय सेना की वीरता और पराक्रम को प्रदर्शित करती निशानी जालोर की धरा पर स्थापित की जाएगी। यह युद्ध निशानी जालोर निवासियों और खासकर विद्यार्थियों में जोश का संचार करेगी तथा भारतीय शहीदों के प्रति सम्मान व भारतीय सेना की छवि आम जन के मन में पैदा करेगी। ये विजय चिन्ह सेना मे भर्ती होकर देश सेवा के लिये नवयुवकों को भी प्रेरित करेंगे।